जंगीपुर। थाना क्षेत्र के भगवतीपुर निवासी सीआरपीएफ जवान अजय कुमार यादव को सोमवार को बघोल गांव के पास सात लुटेरों ने घेर लिया और लोहे के राड से मारकर उसके पास से मोबाइल लूट लिए। पकड़े जाने के डर से लुटेरे बाइक छोड़कर पैदल ही फरार हो गए, जिसे पुलिस ने बरामद कर लिया है। मामले में एक नामजद सहित छह अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस कार्रवाई में जुटी हुई है।
सीआरपीएफ जवान अजय कुमार यादव छुट्टी पर घर आए हुए हैं। सोमवार की सुबह वह अपनी छोटी बहन को बीटीसी की परीक्षा दिलाने के लिए बाइक से सादात जा रहे थे। वह घर से करीब डेढ़ किमी दूर बघोल के पास सुनसान स्थल पर पहुंचे थे कि वहां मौजूद बघोल निवासी हिमांशु यादव सहित सात लोगों ने अजय की बाइक रोकी। अजय यादव के रुकते ही सभी उनके ऊपर हमलावर हो गए। पैर, पीठ व बाजू में लोहे की राड से वार कर घायल कर दिया और मोबाइल लेकर फरार हो गए। जवान की तहरीर पर बघोल निवासी हिमांशु यादव सहित छह अज्ञात के खिलाफ एफआइआर दर्ज कर कार्रवाई में जुट गई है। पीड़ित का आरोप है कि मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रही है। जंगीपुर थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्रा ने बताया कि एक दिन पहले सीआरपीएफ जवान के भाई से कुछ विवाद हुआ था। इसी को लेकर मारपीट हुई है। हालांकि मामले की जांच-पड़ताल की जा रही है। दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।