गाजीपुर। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर बुधवार को नगर सहित पूरे जनपद में देव दीपावली का पर्व उल्लास और श्रद्धा के साथ मनाया गया। गंगा घाटों, पोखरों, सरोवरों और मंदिरों को रंग-बिरंगी झालरों और हजारों दीयों से इस तरह सजाया गया था कि पूरा जनपद रोशनी में नहाया नजर आ रहा था। शाम ढलते ही गंगा आरती के साथ दीपों का महासागर जब लहराया तो मानो धरती पर सितारे उतर आए हों। मंदिरों की झिलमिलाहट और दीपों की लौ ने वातावरण को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया। हर-हर महादेव और हर-हर गंगे के जयघोष से घाट गूंज उठे। उधर, सिधागरघाट क्षेत्र के पाली, सुरवत, अवराकोल, मुहम्मदपुर टंडवा, बेरुकही, साधापुर, महड़ौर, मुहम्मदपुर कुसुम आदि गांवों में भी दीपोत्सव की छटा देखने लायक रही। पाली स्थित राधे–कृष्ण पंच मंदिर में पुजारी मुनेंद्र दास, ओमकार शर्मा, चंदन वर्मा, कुंदन कुशवाहा, मनीष वर्मा, विरेंद्र गुप्ता, कृष्णा, अभिषेक, आदित्य आदि ने दीप प्रज्ज्वलित कर आरती की। जखनिया के सिद्धपीठ हथियाराम मठ में दीपों की शृंखला से पूरा परिसर जगमगाता रहा। वहीं बारोडीह गांव स्थित बागेश्वरनाथ शिवालय के प्राचीन जलाशय किनारे दीपदान और महाआरती का आयोजन हुआ। इसके अलावा पूरे जनपद के जमानिया, रेवतीपुर, भीमापार, सादात, मरदह, खानपुर, कासिमाबाद, बहरियाबाद, करंडा, भांवरकोल, करीमुद्दीनपुर, देवकली, नंदगंज, बिरनो, दुल्लहपुर, दुबिहा, बरेसर, मौधा और औड़िहार क्षेत्र में भी देव दीपावली का पर्व उल्लास और श्रद्धा से मनाया गया।