Ghazipur: शराब न देने पर सेल्समैन की गोली मारकर हत्या, गल्ले में रखा कैश भी उठा ले गए बदमाश
गाजीपुर जिले के भतौरा गांव स्थित देसी शराब की दुकान पर तैनात सेल्समैन की देर रात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस जांच में जुट गई है।
विस्तार
गाजीपुर जिले के भतौरा गांव में शराब न देने पर देसी शराब की दुकान के सेल्समैन की बृहस्पतिवार रात बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। गोली दाएं हाथ और सीने में लगी है। बदमाश बिहार की तरफ भाग गए। बदमाश गल्ले में रखा कैश भी उठा ले गए। मामले में अज्ञात पर लूट, हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
शराब की दुकान भतौरा में है। गांव से कर्मनाशा नदी करीब है। नदी के पार बिहार के राजपुर थाना क्षेत्र के कई गांव पड़ते हैं। बिहार में शराबबंदी होने की वजह से लोग शराब लेने इधर दुकान पर आते हैं। इस दुकान पर आजमगढ़ जिले के रौनापार निवासी धर्मेंद्र सिंह (45) तीन वर्षों से सेल्समैन थे। धर्मेंद्र की ड्यूटी रात में थी।
पुलिस के मुताबिक रात, साढ़े दस बजे तीन लोग पहुंचे और शराब मांगने लगे। धर्मेंद्र सिंह ने दुकान बंद होने की बात कही। शराब न देने पर तीनों ने सेल्समैन से विवाद कर लिया। बात बढ़ने पर धर्मेंद्र सिंह को गोली मारकर बक्सर, बिहार की तरफ भाग गए। गोली दाएं हाथ और सीने में लगी। सूचना पर पहुंची पुलिस धर्मेंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भदौरा ले गई।
प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल गाजीपुर ले गई। वहां से डाक्टरों ने ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया। वहां पहुंचने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। उधर, पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह, एसपीआरए बलवंत चौधरी भी मौके पर पहुंचे। घटना का शीघ्र खुलासा करने के लिए मातहतों को निर्देश दिया।
चार टीमें लगाई गईं
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि घटना की जानकारी रात 11 बजे हुई। मौके पर सीओ, थानाध्यक्ष पहुंचे और घायल को ट्रामा सेंटर ले गए। प्रारंभिक पूछताछ में घायल ने बताया था कि तीन लोग आए थे। गल्ला ले गए और उसे गोली मार दी है। सैल्समैन की मौत हो गई है। हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें लगी हुई हैं।
दरवाजा न खोलता तो बच जाती जान
घटनास्थल और क्षेत्र में चर्चा है कि सेल्समैन हमलावरों को जानता था। अगर वह दुकान का दरवाजा नहीं खोलता तो शायद ऐसी घटना नहीं होती। घटना के बाद शराब के दुकानदारों में दहशत है। गहमर कोतवाल पवन कुमार उपाध्याय ने बताया कि अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या व लूट का मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।