दुल्लहपुर। क्षेत्र के जलालाबाद के सुल्तानपुर ग्राम में करीब आठ वर्षों से चले आ रहे पुराने भूमि विवाद का मंगलवार को राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर निस्तारण करा दिया। जिलाधिकारी के जनता दर्शन में दिए गए प्रार्थना पत्र के क्रम में जखनिया के उपजिलाधिकारी के निर्देश पर राजस्व टीम और पुलिस कर्मियों की मौजूदगी में भूमि की पैमाइश एवं सीमांकन कराकर संबंधित पक्ष को कब्जा-दखल कराया गया।
नायब तहसीलदार कुलभूषण तिवारी के अनुसार जलालाबाद ग्राम निवासी वीरेंद्र यादव ने भूमि विवाद को लेकर जिलाधिकारी के जनता दर्शन में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किया था। इसके बाद मंगलवार को राजस्व टीम मौके पर पहुंची और अभिलेखों एवं स्वीकृत फील्ड बुक के आधार पर गाटा संख्या 4787 की पैमाइश कर सीमांकन कराया गया। कार्रवाई के दौरान आवेदक की ओर से मौके पर जेसीबी बुलाकर जमीन पर कब्जा-दखल की कार्रवाई की गई। यह पूरी कार्रवाई दोपहर 1 बजे से लेकर शाम 5 बजे तक चली। इस दौरान विपक्ष की ओर से कब्जे को लेकर कई बार विरोध किया गया, लेकिन मौके पर पुलिस कर्मियों की मौजूदगी और पुलिस की मुस्तैदी के कारण स्थिति बिगड़ने नहीं दी गई। राजस्व टीम ने पूरी कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराई। मौके पर उपस्थित लोगों के हस्ताक्षर भी कार्रवाई के प्रमाण के तौर पर लिए गए। इस मौके पर जखनिया के नायब तहसीलदार कुलभूषण तिवारी, कानूनगो धीरेंद्र सिंह, लेखपाल आशुतोष पांडेय, लेखपाल सौरभ सिंह, अमरजीत सहित कई राजस्व कर्मचारी और पुलिस कर्मी मौजूद रहे।