गाजीपुर। ऑल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन के बैनर तले रेल कर्मियों ने शुक्रवार को सिटी रेलवे स्टेशन पर धरना दिया। इस दौरान जुलूस निकालकर नारेबाजी की। उनकी मांग थी कि यूपीएस में 10 प्रतिशत कटौती बंद की जाए। सातवें वेतन आयोग के आधार पर बोनस दिया जाए। 8वें पे कमीशन का गठन अविलंब किया जाए।
ऑल इंडिया रेलवे मेंस फेडरेशन की ओर से राष्ट्रीय स्तर पर विरोध-प्रदर्शन का आह्वान किया गया था। इसी क्रम में सिटी रेलवे स्टेशन पर सुबह 8 बजे रेलकर्मी इकट्ठा हुए। सुबह 8 बजे से 8.20 बजे तक धरना-प्रदर्शन चला। इसके बाद नारेबाजी करते हुए रेलकर्मियों ने जुलूस निकाला। मांगों को जल्द से जल्द पूरा करने की मांग की। कहा कि रेलकर्मी दिन-रात ड्यूटी करते हैं। उनकी सभी मांगें जायज हैं। इस मौके पर मंडल वाणिज्य निरीक्षक अजय कुमार, मंडल उपाध्यक्ष जयप्रकाश, शाखा मंत्री पारस सिंह यादव, शाखा अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह यादव, युवा संयोजक अजीत कुमार, संतोष कुमार आदि मौजूद रहे।