सुहवल। रेलवे के मुख्य परियोजना प्रबंधक विकास चंद्रा एवं परियोजना निदेशक सत्यम कुमार अपने दो दिन के प्रवास पर शनिवार की देर शाम पहुंचे। अधिकारी द्वय ने निर्माणाधीन नए रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया। कहा कि मिट्टी फिलिंग, ब्लैंकेटिंग, पाइलिंग का काम मार्च तक हर हाल में पूरा कर लिया जाएगा। जबकि दीपावली के बाद पिलरों पर लोहे के गार्डर रखे जाएंगे। सब कुछ ठीक रहा तो आगामी जून माह से नए ट्रैक लगाने का काम भी शुरू हो सकता है। मुख्य परियोजना प्रबंधक ने निरीक्षण के दौरान आवास निर्माण, टिकट घर, सहित अन्य कार्यालयों का निर्माण जल्द पूरा करने का सख्त निर्देश दिया। इसके बाद जीपीटी, पीएनडार एवं एसपी सिंग्ला कंस्ट्रकशन के वर्कशाप प्लांट का निरीक्षण किया। रेल कम रोड ब्रिज का भी उन्होंने मुआयना किया। दोनों अधिकारी मातहतों संग अचानक घाट स्थित पीएनडार के वर्कशाप पहुंचे। वहां काम बंद देख भड़क उठे, चेताया कि इस तरह की लापरवाही ठीक नहीं है। साथ ही वर्कशाप में अस्त-व्यस्त तरीके से रखे गए गार्डरों के उचित रख-रखाव के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने सिटी स्टेशन, झिंगुरपट्टी, सुखदेवपुर में चल रहे पिलर एवं अन्य कार्यों का जायजा लिया। साथ ही गंगा किनारे रेल कम रोड ब्रिज के स्पैन के कैंटिलीवर एवं लांचिंग नोज के सहारे चल रहे पुशिंग के कार्यों का भी जायजा लिया। मुख्य परियोजना प्रबंधक विकास चंद्रा ने बताया कि इसे मार्च 2022 तक हर हाल में पूरा कर ट्रायल करना है इसी सिलसिले में अब तक हुए कार्यों की प्रगति जानने के लिए पीएमओ कार्यालय के निर्देश पर निर्माण कार्यों की समीक्षा की गई। इस दौरान परियोजना निदेशक सत्यम् कुमार, एसपी सिंग्ला कंस्ट्रकशन के प्रोजेक्ट मैनेजर अमनदीप गोयल, जीपीटी के जीएम गौतम सरकार आदि उपस्थित थे।