कासिमाबाद। नोनहरा थाना क्षेत्र के नूरपुर गांव में आबादी की भूमि पर उपले रखने को लेकर तीन दिन पूर्व दो पक्षों में मारपीट हो गई थी। इसमें चोट लगने से एक किसान की मौत हो गई थी। पुलिस मुकदमा दर्जकर हत्यारोपी की तलाश में जुटी हुई थी। बुधवार की देर शाम बड़ौरा चट्टी से पुलिस ने हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद चालान कर दिया।
नूरपुर गांव निवासी श्यामदेव प्रजापति (68) बीते सात मई को सुबह करीब 9.30 बजे आबादी की भूमि पर उपले रख रहे थे। यह देख मौके पर पहुंचे दूसरे पक्ष के अभिषेक पांडेय उर्फ सन्नी ने श्यामदेव को ऐसा करने से रोका तो कहासुनी शुरू हो गई थी। विवाद इतना बढ़ गया कि श्यामदेव ने अभिषेक को थप्पड़ जड़ दिया था। इससे गुस्साए अभिषेक पांडेय ने श्यामदेव प्रजापति को धक्का दे दिया, जिससे वह जमीन पर गिर पड़े और सिर में गंभीर चोट आने से अचेत हो गए। परिवार के लोग घायल को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल लेकर जा रहे थे कि रास्ते में ही उनकी मौत हो गई थी। मृतक के पुत्र ओमकार प्रजापति की तहरीर पर पुलिस ने हत्यारोपी अभिषेक पांडेय के खिलाफ मुकदमा दर्जकर तलाश शुरू कर दी। पुलिस ने बड़ौरा चट्टी से हत्यारोपी अभिषेक कुमार पाण्डेय उर्फ सन्नी को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में नोनहरा थानाध्यक्ष कमलेश कुमार ने बताया कि पूछताछ के बाद हत्यारोपी का चालान कर दिया गया।