गाजीपुर। सिटी रेलवे स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया के पास लगा जिले का सबसे ऊंचा तिरंगा शहर के लोगों के साथ ही वहां आने वाले यात्रियों के लिए आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। शनिवार को बड़ी संख्या में लोगों विशेषकर युवक एवं युवतियां इसके पास सेल्फी लेकर इस पल को मोबाइल में कैद कर निहाल हो गए।
वर्ष 1996 में छोटी लाइन से बड़ी लाइन में तब्दील सिटी रेलवे स्टेशन पर रेलवे की तरफ से यात्री सुविधाओं के विस्तार के क्रम में कई कार्य कराए गए हैं। प्लेटफार्म के उच्चीकरण एवं विस्तारीकरण के साथ ही वीआईपी लांज, एस्कलेटर, एटीवीएम, लिफ्ट, वाटर वेंडिंग मशीन आदि की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। स्टेशन का कायाकल्प करने की दिशा में सर्कुलेटिंग एरिया का भी विस्तार कराया गया है। इस सर्कुलेटिंग एरिया के पास कुछ महीने पहले फाउंडेशन का निर्माण कराकर सौ फीट ऊंचे खंभा की स्थापना कराई गई थी। इस पर शुक्रवार को जिले का सबसे ऊंचा बीस फीट लंबा और तीस फीट चौड़े पैराशूट मटीरियल युक्त दो सौ जीएसएम का तिरंगा लहराया गया। शाम होते ही फ्लड लाइट की रोशनी में इस अद्भुत दृश्य को देखकर लोग निहाल हो गए। करीब तेरह किलो के इस झंडे को मोटर के जरिए फहराया। इसके चारो तरफ सुरक्षा के मद्देनजर रेलिंग का निर्माण कराया जाएगा।