दुबिहा। बाराचवर विकास खंड के विभिन्न इलाकों में नर्सरी से लेकर हाईस्कूल तक के बिना मान्यता के स्कूल चल रहे हैं। धड़ल्ले से संचालित हो रहे बगैर मान्यता के स्कूल शीर्षक से अमर उजाला ने आठ जुलाई के अंक में प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी। इसे गंभीरता से लेते हुए बाराचवर के खंड शिक्षा अधिकारी ने क्षेत्र में भ्रमण कर ऐसे विद्यालयों को चिह्नित करते हुए एक विद्यालय को नोटिस दिया है।
विद्यालयों के लिए मान्यता के जो मानक तय किए गए हैं, उन मानकों पर कहीं से ऐसे विद्यालय खरा नहीं उतर रहे हैं। यही कारण है कि शासन की ओर से समय-समय पर ऐसे स्कूलों के खिलाफ कार्रवाई का फरमान जारी किया जाता है, लेकिन जिम्मेदारों के रुचि न लेने के कारण जिले के कई ग्रामीण क्षेत्रों में बिना मान्यता के चल रहे इन स्कूलों का कारोबार खूब फल-फूल रहा है। इनमें मनमानी फीस एवं तरह-तरह के शुल्क लिए जा रहे हैं। इससे बच्चों के अभिभावकों की जेबें ढीली हो रही हैं। ऐसे ही स्कूलों को लेकर अमर उजाला ने आठ जुलाई के अंक में प्रमुखता से खबर प्रकाशित किया था। इसको गंभीरता से लेते हुए खंड शिक्षा अधिकारी ने क्षेत्र के कई विद्यालयों जांच की। बीईओ निलेंद्र चौधरी ने बताया की शासन के निर्देश पर निरीक्षण कर क्षेत्र में चल रहे ऐसे विद्यालयों को चिह्नित किया जा रहा है। एक विद्यालय को नोटिस दिया गया है। उसके खिलाफ कार्रवाई होगी।