गाजीपुर। अखिल भारतीय किसान महासभा का दो दिवसीय चौथा राज्य सम्मेलन शहर के लंका मैदान में शनिवार से शुरू हुआ। इस मौके पर मुख्य वक्ता किसान महासभा के राष्ट्रीय महासचिव एवं बिहार के काराकाट से भाकपा माले के सांसद राजाराम सिंह ने कहा कि मोदी सरकार आंदोलन में किसानों से किए गए वायदों से पीछे हट गई है। सरकार को किसानों की कोई चिंता नहीं है। उसने पूरी कृषि नीति को किसानों के हितों को पूरा करने के बजाए अपने कॉर्पोरेट मित्रों के हितों को पूरा करने में बदल दी है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में किसान आंदोलन को मजबूत करके ही देश के किसान आंदोलन को मजबूत किया जा सकता है। इसके लिए गांव में किसान, खेत मजदूर एवं बटाईदार किसानों में एकता बढ़ानी होगी। किसान महासभा को यह काम करना होगा। भाकपा माले के प्रदेश सचिव सुधाकर यादव ने सरकार की गलत नीतियों की आलोचना की। इस मौके पर श्रीराम चौधरी, उत्तर प्रदेश किसान सभा के प्रदेश सचिव मुकुट सिंह, देवेंद्र प्रसाद मिश्र, किसान नेता शिवाजी राय, खेत मजदूरों के नेता राजेश साहनी, एपवा की पूनम यादव, इंकलाबी नौजवान सभा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह, अमरनाथ राजभर आदि ने विचार व्यक्त किए। इससे पहले सम्मेलन का झंडारोहण जिले के वरिष्ठ किसान नेता डाॅ. सलाउद्दीन खान ने किया। आंदोलनों में शहीद किसानों की याद में बनाई गई शहीद वेदी पर पुष्पांजलि के साथ सम्मेलन शुरु हुआ। अध्यक्षता किसान महासभा के प्रदेश अध्यक्ष जयप्रकाश राय ने की।