भाजपा विधायक ने फिर लगाया प्रियंका वाड्रा पर मुख्तार को बचाने का आरोप, कहा- एक महिला का दर्द समझिए
मुहम्मदाबाद की भाजपा विधायक तथा कृष्णानंद राय की पत्नी अलका राय ने कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा को एक बार फिर पत्र लिखा है। उन्होंने कांग्रेस सरकार पर मऊ के बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी एवं उनके बेटे को संरक्षण देने का आरोप लगाया। कहा कि पंजाब सरकार मुख्तार को और राजस्थान सरकार मुख्तार अंसारी के बेटे अब्बास को संरक्षण दे रही है। सरकार के संरक्षण में ही उसके बेटे का बीते दिनों राजस्थान में निकाह कराया गया।
बीते 30 जनवरी को प्रियंका वाड्रा को संबोधित पत्र में विधायक अलका राय ने लिखा है कि उन्हें अफसोस है कि पंजाब और राजस्थान की सरकार ने मुख्तार अंसारी और उसके इनामी बेटे अब्बास अंसारी को राज्य अतिथि का दर्जा देकर रखा है। इसका प्रमाण अखबार में छपी तस्वीरें हैं। स्पष्ट है कि सरकारी संरक्षण में राजस्थान सरकार ने मुख्तार के बेटे अब्बास की धूमधाम से शादी कराई।
कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ प्रदेश की अदालतों में मुख्तार अंसारी को लाने के लिए कई बार वाहन भेजे लेकिन आप और आपकी पंजाब सरकार मुख्तार को बचाने में लगी है। एक महिला होने के नाते मुझे उम्मीद थी कि आप मेरा दर्द समझेंगी।
आप आए दिन अपराध और अपराधियों के खिलाफ दावे करती रहीं हैं, लेकिन इंसाफ मांग रही मुझ जैसी अनेक पीड़िताओं के एक भी पत्र का न तो आपने जवाब देना उचित समझा और न ही हमें इंसाफ दिलाने की कोशिश की। इसलिए स्पष्ट है कि आप और आपकी सरकार पूरी तरह मुख्तार और उसके अपराध के पीछे खड़ी हैं। मालूम हो कि बीते 28 अक्तूबर को भी अलका राय ने प्रियंका गांधी को पत्र लिखा था।