गाजीपुर। दीपावली पर्व के मद्देनजर किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मेडिकल कालेज प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली है। आपातकक्ष में 24 घंटे चिकित्सकीय सुविधाएं मिलेंगी। यहीं नहीं छह बेड के बर्न वार्ड को बेड एवं दवा की सुविधा से लैस करने के साथ चिकित्सकों की तैनाती भी की गई है। साथ ही सर्जन, मेडिसिन, आर्थो, फिजिशियन सहित स्वास्थ्य कर्मियों को अलर्ट मोड में रहने का निर्देश दिया गया है।
महर्षि विश्वामित्र स्वशासी राजकीय मेडिकल कालेज अस्पताल में छह बेड के वर्न वार्ड स्थापित कराया गया है। जरूरत पड़ने पर बेडों की संख्या बढ़ाने की तैयारी भी पूरी कर ली गई है। इसके अलावा स्वास्थ्य कर्मियों एवं डॉक्टरों की शिफ्टवार ड्यूटी भी लगाई गई है, जिससे किसी भी आपात स्थिति में पहुंचने वाले मरीजों को तत्काल उपचार की सुविधा मुहैया कराई जा सके। इसके अलावा अन्य बीमारी के पीड़ित मरीजों के उपचार के लिए आपातकक्ष में 24 घंटे चिकित्सकीय सुविधा उपलब्ध रहेगी। शिफ्टवार यहां भी चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। वहीं एंबुलेंसों को भी अलर्ट मोड में रखा गया है। इस संबंध में मेडिकल कालेज के प्राचार्य प्रोफेसर आनंद मिश्रा ने बताया कि दीपावली पर्व के मद्देनजर तैयारियां पूरी कर ली गई है। चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों की छुट्टी भी रद्द है।