गाजीपुर। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत लंका मैदान में आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम में 360 जोड़े पवित्र बंधन में बंधे। इनमें दो मुस्लिम जोड़ों के निकाह भी पढ़ाए गए। इस दौरान मौजूद लोगों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया। विवाह मंडप में भांवरकोल क्षेत्र से 12, विकासखंड सैदपुर से छह, विकासखंड सादात से दो, भदौरा से आठ, मरदह से 48, जखनिया से 18, देवकली से 27, मुहम्मदाबाद से आठ, जमानिया 19, नगर पालिका जमानिया से एक, विकासखंड कासिमाबाद से 43, रेवतीपुर से 13, बिरनो से 97, सदर से 29, नगर पालिका गाजीपुर से एक, मनिहारी से 14, करंडा से 11 तथा विकासखंड बाराचवर से आए तीन जोड़ों की शादी संपन्न कराई गई। जिलाधिकारी एमपी सिंह ने नव विवाहित वर-वधुओं को शुभकामना दी। कहा कि आज जिन जोड़ों ने वैवाहिक जीवन में बंधकर सात फेरे लेकर एक दूजे के लिए शपथ लिया है, वह हमेशा एक-दूसरे का सम्मान करें। इसके अलावा एमएलसी विशाल सिंह चंचल, विधायक सदर डा. संगीता बलवंत, नगर पालिका अध्यक्ष सरिता अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक डा. ओम प्रकाश सिंह, मुख्य विकास अधिकारी श्रीप्रकाश गुप्ता, उपजिलाधिकारी सदर अनिरुद्ध प्रताप सिंह सहित सभी अधिकारियों ने नवविवाहित वर-वधुओं को आर्शीवाद देते हुए उनके सुखमय भविष्य की कामना की। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत गरीबी रेखा के नीचे जीवन यापन करने वाले जरुरतमंद, निराश्रित, निर्धन परिवारों की विवाह योग्य कन्या/ विधवा/ परित्यकता/ तलाकशुदा महिलाओं को शासन द्वारा 51 हजार रुपये की धनराशि स्वीकृत है। इसमें कन्या को अनुदान के रूप में 35 हजार रुपये खाते में ई-पेमेंट के माध्यम से भेजा गया। इसके साथ 10 हजार रुपये का सामान दिया गया। छह हजार रुपये का साज-सज्जा और खानपान आदि पर खर्च हुआ।