सुहवल थाना क्षेत्र ढढनी रणवीर राय में शुक्रवार की देर रात कमरे में विवाहिता का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे पर लटकता मिला। मृतका के भाई ने पति सहित पांच लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस टीम आरोपियों को दबोचने के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
बहलोलपुर निवासी सतीश यादव ने बताया कि उसकी बहन अमृता की शादी 6 मार्च 2016 को ढढनी रणवीर राय के लालबहादुर से हुई थी। पुलिस को दिए तहरीर में मृतका के भाई ने ससुराल वालों पर आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही उसकी बहन से एक लाख की डिमांड कर उसे प्रताड़ित किया जा रहा था। बहन की घटना के एक दिन पहले दोपहर में मां से फोन से बात हुई थी। उसने मां को बताया था कि ससुराल वाले पैसे की मांग पूरी न करने पर जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। मुझे आकर यहां से गांव ले चलिए। जिसपर मां ने कहा घबराओ मत, सब ठीक हो जाएगा। एक दो दिन में भाई जाएगा। मालूम हो कि एक चार वर्षीय पुत्र है जो अपनी मां की मौत से अनजान उसे खोज रहा है। प्रभारी निरीक्षक तारावती यादव ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतका के भाई सतीश यादव ने पति, सास, देवर सहित पांच लोगों के खिलाफ तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है। फरार लोगों की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है, जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।