भीमापार। सैदपुर कोतवाली क्षेत्र के अमुआरा गांव स्थित वन पोखरा के पास सोमवार की सुबह प्रवासी मजदूरों को लेकर जा रही एक मैजिक अनियंत्रित हो सड़क किनारे पलट गई। दुर्घटना में कुल 18 प्रवासी मजदूर घायल हो गए। पुलिस ने सभी का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैदपुर में कराया है।
मुंबई से ट्रक द्वारा औड़िहार पहुंचे प्रवासी मजदूर एक मैजिक वाहन से घर के लिए जा रहे थे। इसी बीच सोमवार की सुबह करीब पौने नौ बजे सैदपुर कोतवाली क्षेत्र के अमुआरा गांव में स्थित वन पोखरा के पास मैजिक अनियंत्रित हो पलट गई। इसकी जानकारी होते ही अमुवारा के पूर्व प्रधान सुभाष यादव, अरुण यादव सहित अन्य ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। आनन-फानन में घायल 18 लोगों को बाहर निकाला गया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंचे सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैदपुर लाया गया, जहां उनकी मरहम पट्टी कराई गई। घायल कुसुम प्रजापति ने बताया कि वह अपने पति और बच्चों के साथ मुंबई के विरार में रहती है। लॉकडाउन के चलते जब शहर में रहना मुश्किल हो गया और खाने के लाले पड़ने लगे तो परिवार समेत हम लोग 14 मई की सुबह ट्रक से गाजीपुर के लिए रवाना हुए। क्योंकि गांव लौटना ही एकमात्र रास्ता बचा था। सोमवार को ट्रक गाजीपुर के औड़िहार में लाकर उतार दिया। क्योंकि बार्डर अंतर्गत एनएच-29 पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने शासनादेश का हवाला देकर ट्रक को आगे जाने से रोक दिया। इसके बाद हम लोग मैजिक से गंतव्य के लिए रवाना हुए थे। पुलिस ने बताया कि सादात थाना क्षेत्र के विजहरी गांव निवासी नितिन विश्वकर्मा, नागेश राजभर, सोनू गोंड़, कुसुम प्रजापति के साथ उनके पति चंद्रभान प्रजापति और उनके तीन बच्चों के अलावा शिकारपुर के रोहित गोड़ तथा शादियाबाद के शमशेर शाह के आजमगढ़ और मऊ जनपद के लोग घायल हुए हैं। सभी का उपचार करने के बाद घर के लिए रवाना कर दिया गया।