UP: मोबाइल टॉवर पर चढ़ा प्रेमी...प्रेमिका की इस हरकत से था नाराज, दी जान देने की धमकी; पहुंची पुलिस फोर्स
Ghazipur News: यूपी के गाजीपुर जिले में युवक के टाॅवर पर चढ़ने की जानकारी मिलते ही शादियाबाद थाने की पुलिस भी पहुंच गई। स्थानीय लोगों और परिजनों से जानकारी लेने के बाद युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है।
विस्तार
Ghazipur News: गाजीपुर के शादियाबाद थाना क्षेत्र के गुरैनी गांव में बृहस्पतिवार शाम उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक प्रेमिका से नाराज होकर मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया और नीचे उतरने से इनकार कर दिया। युवक ने चेतावनी दी कि यदि कोई उसे उतारने की कोशिश करेगा तो वह कूदकर जान दे देगा।
जानकारी के अनुसार, घटना दोपहर करीब 2:30 बजे की है। ग्रामीणों ने देखा कि एक युवक गांव के पास लगे मोबाइल टॉवर पर चढ़ गया है। स्थानीय लोगों ने पहले उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नीचे उतरने को तैयार नहीं हुआ। स्थिति बिगड़ती देख पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने की कार्रवाई
सूचना पर शादियाबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास में जुट गई। युवक अपने साथ कॉपी और पेन लेकर टॉवर पर चढ़ा था। उसने ऊपर से कागज पर संदेश लिखकर नीचे फेंका, जिसमें उसने साफ कहा कि कोई भी उसके पास आने की कोशिश न करे, अन्यथा वह आत्मघाती कदम उठा लेगा। साथ ही उसने एक मोबाइल नंबर भी कागज पर लिखकर नीचे फेंका, जिस पर पुलिस ने उससे संपर्क साधा और बातचीत शुरू की।
पूछताछ में युवक ने अपनी पहचान छत्तीसगढ़ के रायपुर वीरगांव निवासी 21 वर्षीय संजीत साव के रूप में बताई। थानाध्यक्ष पवन कुमार उपाध्याय के अनुसार, युवक का थाना क्षेत्र की एक युवती से प्रेम संबंध था। युवती द्वारा फोन पर बातचीत बंद कर देने से वह आक्रोशित हो गया और इस तरह का कदम उठा लिया। पुलिस ने युवक के खिलाफ विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, घटना के दौरान गांव में भारी भीड़ जुटी रही और लोगों में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।