Ganga Vilas: 28 स्विस मेहमानों के साथ कल बनारस पहुंचेगा सबसे लंबा लग्जरी रिवर क्रूज, आज गाजीपुर में विश्राम
गंगा विलास क्रूज की रफ्तार कोहरे ने धीमी कर दी है। इस क्रूज को छह जनवरी को वाराणसी पहुंचना था, मगर अब आठ जनवरी को वाराणसी पहुंचेगा। गंगा विलास क्रूज गाजीपुर पहुंच चुका है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दुनिया के सबसे लंबे जलमार्ग पर सफर कर रहा गंगा विलास क्रूज शनिवार को गाजीपुर की सीमा में प्रवेश कर गया। यहां से रविवार को यह क्रूज वाराणसी पहुंचेगा जहां भव्य स्वागत होगा। क्रूज पर 28 पर्यटक सवार हैं। गाजीपुर में आज रात्रि विश्राम करेंगे। डिब्रूगढ़ के लिए क्रूज की यात्रा 13 जनवरी को शुरू होगी।
जल परिवहन की सबसे लंबी और रोमांचकारी रिवर क्रूज यात्रा को पीएम मोदी हरी झंडी दिखाएंगे। इस मौके पर खुद सीएम योगी वाराणसी में मौजूद रहेंगे। गंगा विलास क्रूज की रफ्तार कोहरे ने धीमी कर दी है। इस क्रूज को छह जनवरी को वाराणसी पहुंचना था, मगर दृश्यता कम होने के चलते कोलकाता से रवाना हुआ जलयान कल वाराणसी पहुंचेगा। रविदास घाट पर मेहमानों का भव्य स्वागत किया जाएगा।
नदी पर तैरता फाइव स्टार होटल है गंगा विलास क्रूज
भारत सरकार की महत्वाकांक्षी योजना भारतीय अंतरदेशीय जलमार्ग परिहवहन को बढ़ावा देने, माल ढ़ुलाई के साथ ही पर्यटन को और सुगम और आकर्षक बनाने के उद्देश्य से फाइव स्टार होटल जैसी सारी सुविधाओं से युक्त गंगा विलास क्रूज पर 28 विदेशी सैलानी सवार हैं। इनमें से आठ जर्मनी और 20 स्विटजरलैंड के नागरिक हैं।
शुक्रवार को यह क्रूज यूपी के पहले पड़ाव बलिया पहुंचा था। यहां पर सैलानियों ने महमूदपुर और अन्य स्थानों का भ्रमण किया। इसके बाद क्रूज बक्सर पहुंचा और रातभर वहां रुकने के बाद गाजीपुर के लिए रवाना हुआ। गाजीपुर में क्रूज को निकालने के लिए बच्छलकापुरा-रामपुर में पीपा पुल भी हटाए गए। पीपापुल से क्रूज आगे गाजीपुर के लिए रवाना हुआ तो पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने राहत की सांस ली।
गाजीपुर में हमीद सेतु के पास क्रूज का ठहराव होगा। यहां से सैलानियों के लार्ड कार्नवालिस पार्क जाने का कार्यक्रम है। इस क्रूज को देखने के लिए भारी संख्या में बच्छलकापुरा-रामपुर पीपा पुल पर लोग इकट्ठा हो गए और हाथ हिलाकर सैलानियों का अभिवादन किया। विदेशी पर्यटकों ने भी हाथ हिलाकर उनका अभिवादन स्वीकार किया।