गाजीपुर। कोरोना वायरस के संक्रमण के प्रकोप को देखते हुए पूरे भारत में 25 मार्च से 14 अप्रैल तक प्रधानमंत्री के निर्देश पर लॉकडाउन किया गया है। उनके निर्देश के अनुपालन में बुधवार को जिलाधिकारी ओमप्रकाश आर्य एवं पुलिस अधीक्षक डा. ओमप्रकाश सिंह, उपजिलाधिकारी सदर प्रभाष कुमार ने पूरे पुलिस बल के साथ शहर के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर जनपदवासियों से जिले में लागू लॉकडाउन को सफल बनाते हुए घरों में ही रहने की अपील की। उन्होंने पैदल ही गली-मुहल्ले एवं सड़कों पर गश्त करते हुए इधर-उधर सड़कों पर खड़े लोगों को घर में रहने के साथ सतर्कता एवं सावधानी बरतने की अपील की। जिलाधिकरी एवं पुलिस अधीक्षक ने आज कचहरी होते हुए महुआबाग, मिश्रबाजार, कोतवाली, लालदरवाजा, चीतनाथ, नखास, नवाबगंज, एमएएच इंटर कालेज होते हुए रेलवे स्टेशन, लंका के क्षेत्रों का भ्रमण कर लाउडस्पीकर के माध्यम से घरों में बने रहने को कहा।