गाजीपुर। केंद्र एवं प्रदेश सरकार में कायस्थ समाज की हिस्सेदारी की मांग को लेकर अखिल भारतीय कायस्थ महासभा के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को सरजू पांडेय पार्क में धरना-प्रदर्शन किया। इस दौरान सत्ता में समाज को सम्मानजनक प्रतिनिधित्व देने, सांविधानिक संस्थानों में भारतीय संविधान सभा के अध्यक्ष रहे डॉ. राजेंद्र प्रसाद की तस्वीर अनिवार्य रूप से लगाने आदि मांगें की। इस अवसर पर आयोजित सभा में संगठन के जिलाध्यक्ष अरुण कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि कायस्थ समाज के साथ भाजपा नाइंसाफी कर रही है। समाज परंपरागत मतदाता है लेकिन भाजपा सरकार एवं संगठन में उसकी हिस्सेदारी न देकर अपमानित और उसके साथ सौतेला रवैया अपनाया जा रहा है। अटल बिहारी वाजपेयी के शासन काल में समाज के तीन कैबिनेट मंत्री थे लेकिन वर्तमान में केंद्रीय मंत्रिमंडल में समाज का एक भी मंत्री नहीं है। प्रदेश सरकार में भी घोर उपेक्षा की गई है। महासभा के कार्यकर्ताओं ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष, प्रधानमंत्री, प्रदेश के मुख्यमंत्री और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष के नाम संबोधित अलग-अलग तीन सूत्री ज्ञापन उपजिलाधिकारी मनोज पाठक को सौंपा। इस मौके पर मुक्तेश्वर प्रसाद श्रीवास्तव, डॉ. पूजा श्रीवास्तव, अजय श्रीवास्तव, शैलेश श्रीवास्तव, शैल श्रीवास्तव, पीयूष श्रीवास्तव, राजेश श्रीवास्तव, विपिन बिहारी वर्मा, अमर सिंह राठौर, विपुल सिन्हा, मोहनलाल श्रीवास्तव, प्रदीप श्रीवास्तव, प्रमोद श्रीवास्तव, मोहनलाल श्रीवास्तव, अमरनाथ श्रीवास्तव, संदीप वर्मा आदि उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री अरुण सहाय ने किया।