रेवतीपुर (गाजीपुर)। सुहवल थाना क्षेत्र के गड़हा 96 ग्राम पंचायत स्थित बैकुंठपुर गांव में मंदिर में सात वर्ष स्थापित माता काली की प्रतिमा को ग्रामीणों ने मंगलवार को गर्भगृह से हटा दिया। प्रतिमा को मंदिर के पीछे रख दिया। इससे गांव के दो पक्षों में तनाव पैदा हो गई। देर शाम तक थाने में पंचायत के बाद सुलह-समझौता हो गया। पुलिस की देखरेख में प्रतिमा गर्भगृह में यथा स्थान रखवा दी गई।
करीब सात वर्ष गांव के रामजी यादव मंदिर स्थित गर्भगृह में मां काली की प्रतिमा स्थापित कराई थी। ग्रामीणों ने प्रतिमा को उठाकर पीछे रख दिया, जिससे दो पक्षों में विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। रामजी यादव ने थाने में तहरीर देकर पुलिस को अवगत कराया। ग्राम प्रधान मुकेश यादव ने बताया कि प्रतिमा की स्थापना लगभग सात वर्ष पहले रामजी यादव के नेतृत्व में हुई थी। जब से प्रतिमा की स्थापना हुई है, तब से गांव में बीमारी हो रही है, ऐसा ग्रामीणों का मनना है। ग्रामीण बार-बार इसको लेकर पंचायत कर रहे थे, लेकिन सहमति नहीं बन रही थी। इस संबंध में थानाध्यक्ष राजेश त्रिपाठी ने बताया कि प्रतिमा स्थापना को लेकर गांव दो पक्षों में बंटा हुआ था। दूसरे पक्ष ने प्रतिमा हटाकर मंदिर के पीछे रख दी थी। प्रतिमा को यथा स्थान रखवाया गया। दोनों पक्षों को समझा बुझाकर मामला शांत करा दिया गया और सुलहनामा लिखवा लिया गया है।