गाजीपुर। त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन को सकुशल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को दो पालियों में पीठासीन, मतदान अधिकारी प्रथम, मतदान अधिकारी द्वितीय एवं मतदान अधिकारी तृतीय का प्रशिक्षण स्वामी सहजानंद पीजी कालेज में आयोजित हुआ। डीएम ने अनुपस्थित 78 कर्मियों का एक दिन का वेतन काटते हुए मुकदमा दर्ज करने का निर्देश दिया है। प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनरों द्वारा कार्मिकों को मतदान से पूर्व, पार्टी रवानगी, मतदान के दिन तक के कार्यों की विस्तारपूर्वक जानकारी दी। कोविड-19 के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए मास्क का प्रयोग तथा बराबर सेनेटाइजेशन करने को कहा गया। प्रथम पाली में सुबह 10 बजे से दोपहर एक बजे तक 1948 कार्मिकों को प्रशिक्षण दिया गया। इसमें पीठासीन अधिकारी दस, प्रथम मतदान अधिकारी छह, द्वितीय मतदान अधिकरी छह, तृतीय मतदान अधिकारी चार सहित कुल 26 कार्मिक अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक 1948 कार्मिकों को प्रशिक्षण दिया गया। इसमें पीठासीन अधिकारी 16, प्रथम मतदान अधिकारी 15, द्वितीय मतदान अधिकरी दस, तृतीय मतदान अधिकारी 11 सहित कुल 52 कार्मिक अनुपस्थित रहे। जिलाधिकारी एमपी सिंह ने अनुपस्थित कार्मिकों का एक दिन का वेतन काटते हुए एफआईआर दर्ज कराने का निर्देश दिया है।