गाजीपुर: पिकअप की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, मऊ ले जाते समय तोड़ा दम
गाजीपुर के डाही पुलिया के पास पिकअप की टक्कर से बाइक सवार अनुज सिंह (25) गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें मऊ ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।
विस्तार
गाजीपुर के कासिमाबाद-यूसुफपुर मार्ग पर डाही पुलिया के पास मंगलवार देर रात तेज रफ्तार पिकअप की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक को परिजन उपचार के लिए मऊ के निजी अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान नोनहरा थाना क्षेत्र के कयामपुर छावनी गांव निवासी अनुज सिंह (25) के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है।
विपरीत दिशा से आ रही पिकअप ने मारी टक्कर
डाही गांव निवासी वीर प्रताप सिंह के अनुसार, अनुज सिंह मंगलवार देर रात बाइक से कासिमाबाद जा रहे थे। इसी दौरान डाही पुलिया के पास विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रही पिकअप ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि अनुज सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। वे घायल अनुज को लेकर तत्काल मऊ के निजी अस्पताल के लिए रवाना हुए, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई।
दो भाइयों में छोटे थे अनुज
अनुज दो भाइयों में छोटे थे। उनकी मौत की खबर मिलते ही मां शैल सिंह समेत परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घर में मातम पसरा है। घटना से गांव में भी शोक का माहौल है।
तहरीर मिलने पर होगी कार्रवाई
कासिमाबाद कोतवाली प्रभारी राजेश कुमार त्रिपाठी ने बताया कि सड़क हादसे की जानकारी मिली है। परिजनों की तहरीर मिलने पर पोस्टमार्टम समेत नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।