देवकली। विकास खंड क्षेत्र के धनईपुर गांव में सोमवार को कारगिल बलिदानी संजय यादव की 26वीं पुण्यतिथि मनाई गई। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न राज्यों से आए 275 पूर्व सैनिकों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान कारगिल बलिदानी की पत्नी राधिका यादव ने जरूरतमंदों के बीच साड़ी व कंबल वितरित किया। मुख्य अतिथि सोल्जर बोर्ड के पूर्व विंग कमांडर निषाद अफजल ने कहा कि गाजीपुर की धरती अमर बलिदानियों की जन्मभूमि है। इस मिट्टी के नौजवानों ने कारगिल युद्ध के साथ ही जब-जब जरूरत पड़ी है, उस समय अपने प्राणों की आहूति देकर भारत मां की गरिमा पर आंच नहीं आने दिया है। इसी की मिसाल पेश करते हुए कारगिल युद्ध के दौरान सेना के कुमाउं बटालियन की 13वीं रेजीमेंट में शामिल संजय यादव ने एक सितंबर 1999 को भारत मां की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति दे दी थी। लोक गायक सरिता कश्यप, नीरज प्रसाद, अवधेश परवाना, मनोज शुक्ला, मोनू यादव ने लोकगीतों की प्रस्तुति देकर सबको मंत्रमुग्ध कर दिया। इसके पूर्व कारगिल बलिदानी संजय यादव की वीर नारी राधिका यादव, पुत्र गौरव यादव, भाई अजय यादव व सौरभ यादव, बाबा दुखरन यादव, कारगिल बलिदानी रामविलास यादव की वीरनारी पुष्पा यादव, कारगिल बलिदानी शेषनाथ यादव की वीरनारी सरोज यादव ने बलिदानी संजय यादव की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किया। अध्यक्षता संत घनश्यामाचार्य उर्फ बालक स्वामी और संचालन भोला सिंह यादव ने किया। इस मौके पर कुमांयु मंडल 13वीं बटालियन के श्रीराम यादव, देवी प्रसाद यादव, सच्चेलाल यादव, सतेंद्र यादव, सुदर्शन यादव आदि मौजूद थे।