गाजीपुर में दो लोगों की हत्या: युवक को लाठियों से पीटकर मार डाला, होली की पार्टी के दौरान युवक को मारी गोली
कोतवाली प्रभारी विमलेश मौर्य ने बताया कि अविनाश के भाई कमलेश बिंद ने चार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। दो को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
विस्तार
गाजीपुर नगर कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार को होली मिलन के लिए घर बुलाकर युवक की लाठियों से पीटकर और बहरियाबाद थानाक्षेत्र में होली की पार्टी के दौरान गोली मारकर युवक की हत्या कर दी गई। नगर कोतवाली के बेयपुर देवकली गांव निवासी अविनाश बिंद (26) को शुक्रवार की रात उसके साथी होली मिलन के लिए घर पर बुलाया।
देर रात जब वह घर नहीं पहुंचा तो परिवार के लोगों ने उसकी तलाश शुरू की। अविनाश बिंद का शव खेत में मिला। घर वालों का आरोप है कि अविनाश की लाठियों से पीटकर हत्या कर दी गई। कोतवाली प्रभारी विमलेश मौर्य ने बताया कि अविनाश के भाई कमलेश बिंद ने चार लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है।
दो को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। बहरियाबाद संवाददाता के अनुसार बघाईं गांव निवासी राजेश यादव (32) होली के दिन रात लगभग आठ बजे घर से कुछ दूर पार्टी में शामिल होने के लिए गया था। रात करीब दस बजे गोली चलने की आवाज सुनाई दी।
राजेश की पत्नी अर्पिता वहां पहुंची तो देखा कि उसके पति राजेश के सिर के पीछे गोली लगी थी और वह जमीन पर लहूलुहान पड़ा था। परिवार के लोग राजेश को लेकर वाराणसी ट्रामा सेंटर ले गए। वहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पत्नी के तहरीर पर मुकदमा दर्जकर लिया है। सैदपुर सीओ बलराम ने बताया कि शुक्रवार की रात होली पार्टी के दौरान यह घटना हुई है। कार्रवाई की जा रही है।
न झगड़ा न विवाद हत्या की उलझी गुत्थी
मृतक राजेश सात भाई-बहनों में सबसे छोटा भाई था। उसके पिता अनूप यादव की तीन माह पूर्व मृत्यु हो चुकी है। पत्नी अर्पिता को समझ में नहीं आ रहा है कि आखिर हो क्या गया? जबकि किसी से न कोई झगड़ा है और न ही विवाद। वह सबसे छोटी पुत्री सान्या (2) को गोद में ले अन्य पुत्री साक्षी (4), श्रेया (9) तथा पुत्र संगम (6) के साथ शून्य में निहारती रही।
इधर बुजुर्ग मॉ मूर्ति देवी के रोने मातम पसरा हुआ था। सूचना मिलते ही सभी विवाहिता बहनें रीता, इंदु, मीरा, राधा,बिंदु, शीला पहुंची और दहाड़े मारकर रोने लगीं। मृतक ही एक मात्र परिवार का सहारा था। जो घर पर ही रहकर खेती किसानी का काम करता था।