गाजीपुर: बक्सर ने पटना को लगातार दो सेट में हराकर जीती वॉलीबॉल ट्रॉफी
युवराजपुर वॉलीबॉल प्रीमियर लीग के फाइनल में बक्सर ने पटना को लगातार दो सेटों में हराकर खिताब जीता। बक्सर ने पहला सेट 15-12 और दूसरा 15-13 से अपने नाम किया।
विस्तार
गाजीपुर के सुहवल क्षेत्र के युवराजपुर गांव स्थित इंटर कॉलेज में बुधवार को आयोजित युवराजपुर वॉलीबॉल प्रीमियर लीग के फाइनल में बक्सर की टीम ने पटना को लगातार दो सेटों में हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। बक्सर ने पहला सेट 15-12 और दूसरा सेट 15-13 से जीत दर्ज की। खिलाड़ियों के शानदार सर्विस, ऐस, अपर कट, ब्लॉक और डिफेंस को देखने के लिए बड़ी संख्या में खेलप्रेमी पहुंचे। पूरे मुकाबले के दौरान दर्शकों का उत्साह देखते ही बना।
प्रतियोगिता का पहला सेमीफाइनल मैनपुर और बक्सर की टीम के बीच खेला गया। बक्सर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला सेट 15-12 और दूसरा सेट 15-10 से जीतकर फाइनल में प्रवेश किया।
दूसरा सेमीफाइनल युवराजपुर और पटना की टीम के बीच हुआ। इसमें पटना की टीम ने बेहतर प्रदर्शन करते हुए पहला सेट 15-13 और दूसरा सेट 15-12 से जीतकर फाइनल में जगह बनाई।
फाइनल में बक्सर का दबदबा
खिताबी मुकाबला बक्सर और पटना के बीच खेला गया। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने जीत के लिए जोरदार प्रदर्शन किया। शुरुआत से ही मुकाबला रोमांचक रहा। बक्सर के खिलाड़ियों ने बेहतर तालमेल और दमदार खेल का प्रदर्शन करते हुए पहला सेट 15-12 से अपने नाम किया। दूसरे सेट में भी बक्सर ने बढ़त बनाए रखी और 15-13 से जीत दर्ज कर प्रतियोगिता की ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया।
आयोजक मंडल के सदस्य चंदन सिंह ने बताया कि प्रतियोगिता में खिलाड़ियों ने बेहतर खेल का प्रदर्शन किया। मुकाबले देखने पहुंचे खेलप्रेमियों ने भी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।
इससे पूर्व मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद डॉ. संगीता बलवंत ने फीता काटकर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। आयोजन में चंदन सिंह, अंकित सिंह, रुद्र सिंह, लालू यादव, निखिल सिंह और सुंदरम समेत अन्य लोग मौजूद रहे।