गाजीपुर/दुल्लहपुर। दुल्लहपुर थाना क्षेत्र के भगीरथपुर गांव में शुक्रवार की भोर में पिता ने 50 रुपये के लिए घर के सामने चारपाई पर सो रहे बेटे पर फावड़े से ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। इस दौरान सिर, गर्दन और कंधे पर गंभीर रूप से चोट लग गई। घायल को इलाज के लिए जिला अस्पताल लाया गया। जहां हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। साथ ही पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई।
मोतीराम अपने बेटे कल्लू उर्फ राम प्रवेश (27) को कुछ दिन पहले 50 रुपये दिए थे। ये रुपये साइकिल में ताला लगाने के लिए दिए गए थे। बताया जा रहा है कि कल्लू ने साइकिल में ताला नहीं लगाया, जिसे लेकर बृहस्पतिवार की रात दस बजे पिता ने गाली दे दिया, जो उसके बेटे कल्लू को नागवार गुजरी। इसी बात को लेकर पिता-पुत्र में विवाद हो गया और मारपीट हो गई। किसी तरह परिवार के लोगों ने दोनों को अलग किया और इसके बाद दोनों सोने चले गए। परिजनों के मुताबिक रात में इसी बात से गुस्सा हुए मोती राम ने भोर में करीब चार बजे घर के बाहर चारपाई पर सो रहे कल्लू उर्फ राम प्रवेश पर फावड़ा से ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। इससे वो मरणासन्न हालत में पहुंच गया, जिसे देख हड़कंप मच गया। आसपास के जुटे लोगों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। आनन-फानन में घायल को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। जहां से जिला अस्पताल भेज दिया गया। जिला अस्पताल में प्राथमिक इलाज के बाद हालत नाजुक देख उसे ट्रॉमा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया। उधर, घटना की जानकारी होने पर पुलिस मौके पर पहुंची। घटना की जानकारी लेते हुए आरोपी पिता को हिरासत में ले ली है।