गाजीपुर। अखिल भारतीय किसान महासभा के आह्वान पर कार्यकर्ताओं ने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत दिल्ली किसान आंदोलन में जान गंवाने वाले किसानों की याद में बहरियाबाद थाना क्षेत्र के बघांव, बेलहरा, सैदपुर थाना क्षेत्र के गैवीपुर, हथौड़ा, खानपुर आदि गांवों में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान मोदी सरकार का पुतला दहन कर रोष जताया।
बघांव और बेलहरा गांव में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में अखिल भारतीय किसान महासभा के जिलाध्यक्ष गुलाब सिंह ने कहा कि 25 दिनों से किसान गाजीपुर-दिल्ली बार्डर और सिंधु बार्डर पर किसान विरोधी काले कानून के खिलाफ इस कड़ाके की ठंड में अपनी आवाज बुलंद कर रहे हैं। अब तक ठंड से करीब 23 किसानों की जान चली गई है लेकिन सबका साथ, सबका विकास का नारा देकर आई मोदी सरकार गूंगी बहरी होकर कारपोरेट घरानों के साथ खड़ा होकर अपना किसान विरोधी चेहरा उजागर कर रही है। सरकार को किसानों से कोई सरोकार नहीं है। उसकी कथनी और करनी में अंतर है। खानपुर में हुई सभा में अखिल भारतीय खेत एवं ग्रामीण मजदूर सभा के जिलाध्यक्ष नंदकिशोर बिंद ने कहा कि मोदी सरकार बड़े पूंजीपति घरानों के फायदे के लिए गरीबों और किसानों के साथ अन्याय कर रही है। सभा में आजाद यादव, सरोज यादव, शिवकुमार कुशवाहा, किशन कुमार, जयहिंद, लालबहादुर बागी ने विचार व्यक्त किया।