सुहवल। क्षेत्र के ढढ़नी एवं बेटाबर के मध्य 33 हजार की हाईटेंशन विद्युत लाइन के इंसुलेटर में खराबी आने से ताड़ीघाट विद्युत उपकेंद्र के तहत होने वाले दस फीडरों की आपूर्ति रविवार की भोर में ठप हो गई। इससे करीब 18 गांव के लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ी। कड़ी मशक्कत के बाद करीब आठ घंटे बाद दोपहर एक बजे तक आपूर्ति सुचारू हो सकी। तब जाकर ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
सुबह करीब चार बजे ढढ़नी एवं स्थानीय गांव स्थित ताड़ीघाट विद्युत उपकेंद्र के तहत आने वाले दस फीडरों की आपूर्ति अचानक ठप हो गई। ढढ़नी एवं बेटाबर के बीच इंसुलेटर में खराबी आने से ढढ़नी, चवरी, अधियारा माधोपुर, अंधारीपुर, इजरी, घाटमपुर, भगीरथपुर, सोनवल, खजुहां सुहवल, मेदिनीपुर, बवाड़ा, पटकनिया, अड़रिया, गौरा, युवराजपुर, पटखौलिया, बड़ौरा आदि गांव के सैकड़ों घरों की आपूर्ति बाधित हो गई। आपूर्ति ठप होने से दर्जनों निजी, सरकारी नलकूप, जलनिगम की टंकिया शोपीस हो गई। सूचना मिलने के बाद विभागीय अधिकारी एवं कर्मी मौके पर पहुंचे और आई तकनीकी खराबी की तलाश करने के बाद आठ घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद उसे दुरुस्त किया तब जाकर दोपहर एक बजे आपूर्ति शुरू हो सकी। इस मामले में विद्युत विभाग जमानिया के उपखंड अधिकारी विजय यादव ने बताया कि फाल्ट दुरुस्त कराकर आपूर्ति बहाल कर दी गई है।