दिलदारनगर। पूर्व मध्य रेलवे दानापुर मंडल के बिहार के बड़हिया रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर चल रहे धरना-प्रदर्शन के चलते डीडीयू रेलखंड से गुजरने वाली कई ट्रेनों का मार्ग परिवर्तन किया गया है। ऐसे में यात्रियों को काफी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है।
दिलदाननगर- डीडीयू रेलखंड से गुजरने वाली कई ट्रेनों का मार्ग परिवर्तन करके आसनसोल- गया व डीडीयू के रास्ते चलाया जाया रहा है। इसके चलते दिलदारनगर, गहमर, जमानिया के अप डाउन के रेल यात्रियों को परेशान होना पड़ा। रेलयात्री ट्रेनों के लिए घंटों परेशान रहे। वहीं दिलदाननगर स्टेशन पर ट्रेन पकड़ने वाले यात्रियों की स्टेशन पर भीड़ लगी रही। धरना- प्रदर्शन के कारण अप और डाउन में 12333/12234 विभूति एक्सप्रेस, 13005/13006 अमृतसर-हावड़ा, एक्सप्रेस, 12369/122328 हरिद्वार-हावड़ा सुपरफास्ट एक्सप्रेस, 122947/48 भागलपुर सूरत, 15657/58 ब्रम्हपुत्र मेल और 12336 डाउन लोकमान्य भागलपुर ट्रेनों को वाया आसनसोल, गया होकर डीडीयू के रास्ते चलाया गया। जिन लोगों ने आरक्षण कराया था। उन्हें भी ट्रेन पकड़ने के लिए डीडीयू जंक्शन का सहारा लेना पड़ा। इस संबंध में हाजीपुर जोन के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी वीरेंद्र कुमार ने बताया कि बिहार में बड़हिया रेलवे स्टेशन पर धरना- प्रदर्शन के कारण ट्रेनों का रूट परिवर्तित किया गया है।