करंडा/देवकली। वाराणसी मंडल के आयुक्त दीपक अग्रवाल, आईजी विजय सिंह मीणा, जिलाधिकारी ओमप्रकाश आर्य, पुलिस अधीक्षक डा. ओपी सिंह, मुख्य विकास अधिकारी श्रीप्रकाश गुप्ता, उप जिलाधिकारी सदर प्रभाष कुमार ने मैनपुर ग्राम की मुसहर बस्ती के 32 परिवारों को 10 दिनों की खाद्य सामग्री एवं मास्क वितरित किया। जिलाधिकारी ने बताया कि जिले में कोई भी गरीब मजदूर भूखा न रहे इसके लिए प्रतिदिन खाद्य सामग्री का वितरण किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि पूरे जिले में ऐसे लोगों को चिन्हित किया गया है, जो रोज कमाते हैं, रोज खाते हैं। ऐसे परिवारों को प्रतिदिन उपजिलाधिकारी एवं अन्य स्वयंसेवी संगठनों के माध्यम से राहत सामग्री उपलब्ध कराई जा रही है और उनसे अपील भी की जा रही है की वह एक दूसरे से दूरी बनाकर रहें। अपने-अपने घरों में रहें एवं बाहर न जाएं। जिलाधिकारी ने जिले के लोगों से अपील किया कि इस महामारी की रोकथाम के लिए लोग अपने-अपने घरों में कैद रहें। यही एक उपाय है, इसे गंभीरता से लें जिससे इस तरह की बीमारी एक व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति तक न पहुंचे। दस दिनों की खाद्य सामग्री में पांच किलो चावल, दो किलो दाल, पांच किलो आटा, एक किलो तेल, एक पैकेट रिफाइंड, एक किलो नमक, एक पैकेट धनिया, डेटॉल, रिन साबुन, सेनेटाइजर एवं पांच किलो आलू का वितरण कर घरों में ही रहने की अपील की गई।