दुल्लहपुर। थाना क्षेत्र के मियना गांव के पास सड़क किनारे लटकते हाईटेंशन बिजली के तार से परेशान ग्रामीणों ने शनिवार को दुल्लहपुर विद्युत पावर हाउस परिसर में विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का कहना था कि तार सड़क पर झूलने से राहगीरों की जान पर खतरा बना हुआ है। किसी भी वक्त बड़ी दुर्घटना हो सकती है। ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या की शिकायत कई बार उच्च अधिकारियों और जेई से की गई, लेकिन विभाग ने अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया। करीब एक घंटे बाद जेई रवि कुमार मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से वार्ता कर तत्काल समस्या के समाधान का आश्वासन दिया। इसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ। इस मौके पर देवेंद्र चौहान, श्रीधामा यादव, राकेश राम, देवेंद्र उर्फ गुड्डू चौहान, रामलाल चौहान, राहुल चौहान, केदार चौहान, श्रीराम चौहान, सरवन यादव आदि ग्रामीण मौजूद रहे।
विभिन्न मांगों के लिए सौंपा पत्रक-सेवराई। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ की ओर से शनिवार को तहसीलदार सुनील कुमार सिंह को पत्रक सौंपा गया। पत्रक के माध्यम से लेखपाल पद की शैक्षणिक योग्यता व पदनाम परिवर्तन, प्रारंभिक वेतनमान उच्चीकरण, एसीपी विसंगति, वाहन भत्ता आदि का मुद्दा उठाया गया। इस मौके पर नागेंद्र प्रताप, शंकर कुमार, सुनील भारती, शेषनाथ, पंकज कुमार आदि मौजूद रहे। संवाद