यूपी: चाकू मारकर चचेरे भाई की हत्या, पारिवारिक विवाद में दिया वारदात को अंजाम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गाजीपुर जिले के नोनहरा थाना क्षेत्र के फत्तेहपुर अटवा गांव में करकट (सीमेंट रूफिंग शीट) लौटाने को लेकर दो पक्ष आपस में भिड़ गए। विवाद में चचेरे भाई की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद दर्जनभर लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।
इलाके के फतेहपुर अटवा निवासी राशिद खान (25) और उसके चचेरे भाई शहबाज खान के बीच करकट लौटाने को लेकर गुरुवार की रात कहासुनी हो गई। लोगों के समझाने-बुझाने के बाद मामला शांत हो गया। इसके बाद दोनों परिवार के लोग सो गए। आज सुबह सात बजे शहबाज खान अपने मित्रों के साथ राशिद के घर पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा।
मना करने पर शहबाज ने चचेरे भाई राशिद के पेट व सीने में ताबड़तोड़ चाकू से प्रहार कर दिया। परिजनों के शोर मचाने पर जब-तक आस-पास के लोग पहुंचते आरोपी और उसके साथी फरार हो गए। इधर, ग्रामीणों की मदद से परिजन घायल को उपचार के लिए जिला अस्पताल लेकर आए, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
उधर, पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही परिजनों की तहरीर पर हत्यारोपी चचेरे भाई सहित अन्य के खिलाफ तहरीर दी गई। फिलहाल पुलिस छानबीन में जुटी है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक डा. ओम प्रकाश सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। परिजनों से बातचीत की और पुलिस को त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया।