गाजीपुर। जिले में लगातार हो रही बेमौसम बारिश ने किसानों की मेहनत पर पानी फेर दिया है। खेतों में खड़ी धान, आलू, तिलहन और हरी सब्जियों की फसलें पूरी तरह बर्बाद हो चुकी हैं। इसी गंभीर स्थिति को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी ने सोमवार को जिलाध्यक्ष सुनील राम और शहर अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा के नेतृत्व में किसानों के लिए तत्काल राहत और मुआवजे की मांग संबंधी ज्ञापन मुख्यमंत्री को संबोधित कर एसडीएम को सौंपा।ज्ञापन सौंपने के बाद जिलाध्यक्ष सुनील राम ने कहा कि भाजपा सरकार किसानों के हितों की बातें मंचों से तो करती है, लेकिन जमीन पर राहत देने की नीयत कभी नहीं दिखाती। उन्होंने मांग की कि मुख्यमंत्री तुरंत राहत पैकेज की घोषणा करें, ताकि किसान अगली फसल की तैयारी कर सकें।शहर कांग्रेस अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा ने कहा कि कृषि विभाग की टीमें तत्काल सर्वे करें और वास्तविक नुकसान का आंकलन कर प्रभावित किसानों को मुआवजा प्रदान किया जाए।एआईसीसी सदस्य रविकांत राय और वरिष्ठ नेता जनार्दन राय ने संयुक्त रूप से कहा कि जब-जब किसान संकट में आया है, भाजपा सरकार ने केवल कागजी वादों और घोषणाओं से उसे बहलाने की कोशिश की है। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने किसानों के प्रति संवेदनशीलता नहीं दिखाई और शीघ्र राहत नहीं दी, तो पार्टी किसानों की आवाज को लेकर सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगी।इस अवसर पर अजय श्रीवास्तव, चंद्रिका सिंह, कुसुम तिवारी, देवनारायण सिंह, सतीराम सिंह, धर्मेंद्र कुमार, बृजेश कुमार, लाल मोहम्मद, आलोक यादव, सतीश उपाध्याय, ओमप्रकाश यादव, सुमन चौबे, उमाशंकर सिंह, उदित , दिवाकर, सुमेर और महेंद्र कुशवाहा आदि रहे।