गाजीपुर। प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर चल रहे मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत शुक्रवार को कांग्रेस ने जिले में पदयात्रा निकाली, जो दोपहर 12 बजे आमघाट स्थित गांधी पार्क से शुरू होकर मिश्र बाजार, महुआबाग होते हुए सरजू पांडे पार्क कचहरी पर समाप्त हुई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में जिला प्रभारी एवं पूर्व विधायक अमरेश चंद्र पांडे मौजूद रहे। उन्होंने भाजपा सरकार पर मनरेगा को कमजोर करने का आरोप लगाया। कहा कि काम के दिनों में कटौती, भुगतान में देरी और बजट में कमी से मजदूरों को मजबूरी में पलायन करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस गरीब और मजदूर वर्ग के अधिकारों की लड़ाई लगातार लड़ती रहेगी और मनरेगा को बचाने के लिए आंदोलन तेज किया जाएगा।
जिला अध्यक्ष सुनील राम ने कहा कि गांवों में रोजगार के अवसर लगातार घट रहे हैं, जबकि सरकार आंकड़ों के जरिए विकास का भ्रम फैला रही है। शहर अध्यक्ष संदीप विश्वकर्मा ने भी सरकार को रोजगार के मुद्दे पर विफल बताते हुए कहा कि कांग्रेस गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करेगी। पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह ने मनरेगा को गरीबों की जीवनरेखा बताते हुए मांग की कि मजदूरों के भुगतान में केंद्र सरकार 90 प्रतिशत और प्रदेश सरकार 10 प्रतिशत हिस्सेदारी सुनिश्चित करे। पदयात्रा में अजय सिंह, जनक कुशवाहा, अजय कुमार श्रीवास्तव, ज्ञान प्रकाश सिंह, चंद्रिका सिंह, राजीव सिंह, हामिद अली आदि शामिल रहे।