गाजीपुर। जनपद की सात सीटों पर सात मार्च को मतदान होना है। लोकतंत्र के इस महापर्व में आहुति देने में कोई शेष न रह जाए इसको लेकर लोगों को अधिक से अधिक मतदान के लिए जागरूक किया जा रहा है। इसी कड़ी में शुक्रवार को अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से स्टेशन रोड स्थित अभिनव सरस्वती बालिका इंटर कालेज की छात्राओं ने मतदाता जागरूकता रैली निकाली। कार्यक्रम में 200 छात्राएं शामिल रहीं।
छोड़ों अपने सारे काम, पहले चलो करें मतदान, राष्ट्र का जो उत्थान करे, उसी को हम मतदान करे, लोकतंत्र का यह आधार, वोट न कोई हो बेकार, लोकतंत्र का भाग्य-विधाता, होता है जागरूक मतदाता जैसे श्लोगन लिखे रंग- बिरंगे बोर्ड के साथ शुक्रवार सुबह 11 बजे विद्यालय की छात्राओं ने कतारबद्ध होकर परिसर से रैली निकाली। रैली लंका, सिद्धेश्वर नगर चौराहा होते हुए सरजू पांडेय पार्क पहुंची। इस दौरान लोगों से कहा गया कि अपने मताधिकार का मूल्य समझें और लोकतंत्र के इस महापर्व में पूरे उत्साह के साथ मतदान करें। इसके बाद तहसील होते हुए रैली पुन: लंका होते हुए विद्यालय परिसर में जाकर समाप्त हो गई। छात्राओं द्वारा मतदाता जागरूकता के प्रति लगाए जा रहे गगनभेदी नारे सुनकर राहगीर जहां रुक जा रहे थे। वहीं लोग घरों से बाहर निकलकर लंबी कतार में चल रही रैली को मोबाइल में कैद कर रहे थे। शिक्षकों ने छात्राओं को जागरूक करते हुए कहा कि वह अपने पास-पड़ोस के साथ परिवार के सदस्यों को महापर्व पर पहुंचकर भागदारी सुनिश्चित करने के लिए उन्हें प्रेरित करें।इस मौके पर प्रधानाचार्य मनोज यादव, अध्यापिका प्रतिमा श्रीवास्तव, सुमन पांडेय, अर्चना द्विवेदी, पूनम राय, रीता शर्मा, उदयकांत, पूनम सिंह, शर्मिला सिंह, छात्रा रीतिका पांडेय, पिंकी यादव, खुशबू यादव, अलका पांडेय, तरन्नुम जहां, सरिता यादव, प्राची बलवंत, डिम्पल पासी, प्रीति प्रजापति, रश्मी आदि मौजूद रही।