खानपुर। पाकिस्तान के खिलाफ भारतीय महिला हॉकी टीम की शानदार जीत ने मेघबरन सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम करमपुर की हॉकी नर्सरी में भी उत्साह भर दिया। भारतीय टीम की जीत की खबर मिलते ही महिला खिलाड़ियों ने मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया।
मैदान पर रोज पसीना बहाने वाली इन बेटियों के लिए यह जीत महज स्कोर नहीं, बल्कि देश के लिए खेलने के सपने को और मजबूत करने वाला पल रहा। मानसी, आंचल गोंड, आंचल यादव, बुलबुल, काजल, रानू, प्रीति, रश्मि, सानिया और नेहा ने भारतीय टीम की जीत पर खुशी जताई। कहा कि भारतीय बेटियों का पाकिस्तान के खिलाफ शानदार प्रदर्शन देखकर उनका उत्साह और बढ़ा है। वह भी कड़ी मेहनत कर एक दिन राष्ट्रीय टीम में जगह बनाकर देश का नाम रोशन करना चाहती हैं। महिला हॉकी कोच पूजा सिंह ने कहा कि भारतीय टीम की यह जीत खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है। बेटियों ने मिठाई बांटकर जीत का जश्न मनाया और आगे बेहतर प्रदर्शन का संकल्प लिया। पूर्व सांसद राधे मोहन सिंह ने कहा कि देश की बेटियों ने शानदार खेल दिखाकर पूरे देश का मान बढ़ाया है।