गाजीपुर। संत शिरोमणि गाडगे महाराज की पुण्यतिथि जंगीपुर स्थित एक मैरेज हाल में रविवार को मनाई गई। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश धोबी कल्याण समिति के जिलाध्यक्ष सहेंद्र प्रसाद कनौजिया ने कहा कि संत गाडगे ने लोगों के सहयोग से शिक्षण संस्थाएं, अनाथालय, नदियों के किनारे पक्के घाट, अस्पताल खोलने में पूरा जीवन लगा दिया। आज समाज के लोग सरकार की उपेक्षा के कारण विकास नहीं कर पा रहे हैं। जब तक हमारा समाज एकजुट होकर राजनीतिक रूप से निर्णय लेने में सक्षम नहीं होगा तब तक समाज मजबूत नहीं होगा।
उन्होंने कहा कि समाज को एकजुट रखकर हम कोई भी लड़ाई लड़ सकते हैं और उसे जीत सकते हैं। यही संत गाडगे को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। शैलेंद्र प्रसाद ने कहा कि आज जहां सभी लोगों का विकास हो रहा है वहीं धोबी समाज पिछड़ता जा रहा है। सरकार को समाज के विकास के लिए अलग से नीतियां बनानी चाहिए। पूरे देश में धोबी समाज आज उपेक्षित एवं पीड़ित है। इस अवसर पर संत गाडगे यूथ अध्यक्ष नारायण कनौजिया, युवा शक्ति फेडरेशन के अध्यक्ष सदानंद कनौजिया, संत शिरोमणि गाडगे जन कल्याण न्यास ट्रस्ट के संस्थापक अरविंद कनौजिया, उत्तर प्रदेश धोबी कल्याण समिति के तहसील अध्यक्ष श्रीकांत कनौजिया, शंभू कनौजिया, रविंद्र कनौजिया, अनिल कनौजिया, वीरेंद्र कनौजि या आदि ने विचार व्यक्त किया। अध्यक्षता मोतीचंद्र एवं संचालन मिश्रीलाल कनौजिया ने किया।