गाजीपुर। दूसरे राज्यों और बाहर से आने वाले करीब 15 सौ लोगों को जिले के सैदपुर, सेवराई, मुहम्मदाबाद, कासिमाबाद, गाजीपुर, दुल्लहपुर आदि क्षेत्रों के विभिन्न स्थानों पर रखा गया है। इन सभी लोगों को प्रशासन की ओर से भोजन आदि उपलब्ध कराया जा रहा है और नियमित जांच की जा रही है। 14 दिनों तक यह सभी लोग इन्हीं शिविरों में रहेंगे। इसके बाद अगर यह पूरी तरह स्वस्थ पाए गए, तभी इन्हें घर भेजा जाएगा। इधर, शिविरों में रह रहे लोगों की नियमित स्क्रीनिंग की जा रही है और आवश्यक वस्तुओं को मुहैया कराया गया।
शहर में स्वामी सहजानंद पीजी कालेज, गीतांजलि, रायल पैलेस आदि जगहों पर 272 व्यक्तियों को रखा गया है। टाउन नेशनल इंटर कालेज सैदपुर में कुल 227 लोगों को रखा गया है। यह सभी लोग जिले के ही हैं और इन सभी को जरूरी निर्देश देते हुए रहन-सहन के जरूरी निर्देश दिए गए। इन लोगों को रहने खाने की पूरी सुविधा दी गई है और सामाजिक दूरी बनाए रखने पर भी जोर दिया जा रहा है। सेवराई संवाददाता के अनुसार, स्व. चंद्रशेखर जी पूर्व प्रधानमंत्री स्मारक महाविद्यालय में रखे गए 91 लोगों की व्यवस्था दुरुस्त कर दी गई है। प्रकाश और पानी की समुचित व्यवस्था के साथ ही सभी की स्क्रीनिंग की गई। मुहम्मदाबाद संवाददाता के अनुसार, शहीद स्मारक राजकीय महाविद्यालय में रह रहे सभी 150 लोगों की सुविधा का ध्यान दिया जा रहा है। इनसे कहा गया है कि अगर किसी को तेज बुखार या खांसी होती है तो वह तुरंत बताएं। कासिमाबाद संवाददाता के अनुसार, कैंब्रिज इंटरनेशनल स्कूल में 87 लोगों को ठहराया गया है। समय-समय पर अधिकारी इनका हालचाल ले रहे हैं। सभी को सोशल डिस्टेंस बनाए जाने को कहा गया है। दुल्लहपुर संवाददाता के अनुसार, पंडित मदन मोहन मालवीय इंटर कालेज में कुल 443 महिला, पुरुष एवं बच्चों को रखा गया है।