गाजीपुर। जिला मुख्यालय से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक आए दिन बीएसएनएल का नेटवर्क ध्वस्त रहने से लोग परेशान हैं।। एक ओर जहां सरकारी अधिकारियों से नेटवर्क पर बात करना मुश्किल हो गया है। वहीं बैंक, एलआईसी, डाकघर, रजिस्ट्री आफिस सहित व्यापार आदि के सारे काम ठप पड़ गए हैं। शहर के सुभाष नगर, आमघाट, महुआबाग, मिश्रबाजार, नियाजी मुहल्ला, नवापुरा, मोहनपुरवा, प्रकाश नगर, बंशी बाजार, सरैया और छोटा महादेव आदि मुहल्लों में बीएसएनएल नेटवर्क पर लोगों का एक-दूसरे से बात तक करना मुश्किल हो गया। हालत यह है कि जैसे कार्यालयों के खुलने का समय होता है। उसी वक्त ठीक दस बजे से बारह बजे तक नेटवर्क ठप हो जाता है। इसके बाद दिन के दूसरे पहर दो बजे से लेकर शाम के पांच बजे तक या कभी-कभी रात के आठ-नौ बजे तक नेटवर्क पर काम करने वाले लोगों का तो धैर्य ही जवाब देने लगता है। हालत यह हो जाती है कि शहरी मुहल्लों के अलावा ग्रामीण अंचलों में भी यही स्थिति है। लोगों का कहना है कि विभाग के अधिकारियों से कई बार इन समस्याओं की शिकायत की गई, लेकिन कोई इसे गंभीरता से नहीं लेता है। हालत यह है कि आए दिन नेटवर्क की समस्या से आजिज आए ग्राहकों की संख्या भी दिन पर दिन कम होती जा रही है। लोग अब निजी नेटवर्क का सहारा लेने लगे हैं। डिविजनल इंजीनियर बीके सिंह बताया कि नेटवर्क पर ज्यादा भार पड़ने से इस तरह की दिक्कत आ रही है। नेटवर्क की व्यवस्था दुरुस्त करने के लिए टीम लगी हुई। जल्द ही नेटवर्क ठीक हो जाएगा।