UP: पैसे-नौकरी का लालच पड़ा भारी, अब पत्नी-सास को जाना होगा जेल; पिता ने बेटे की आत्महत्या मामले में दी तहरीर
यूपी के गाजीपुर में सीतापुर के एक सहायक अध्यापक ने फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। मरने से पहले उसने एक वीडियो भी बनाया था जिसमें उसने अपनी पत्नी और सास पर प्रताड़ना का आरोप लगाया था। यह भी कहा था कि उसे झूठे मुकदमे में फंसाया गया है।
विस्तार
सीतापुर जिले के सकरन के प्राथमिक विद्यालय लखनियापुर में तैनात सहायक अध्यापक कोविद कुमार के आत्महत्या करने के मामले में गाजीपुर शहर कोतवाली पुलिस ने उनकी पत्नी और सास के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
दोनों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि सास और पत्नी की प्रताड़ना से तंग आकर उसने गुस्से में यह कदम उठाया है।
आत्महत्या के बाद मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला था, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस पत्र में कोविद कुमार से अपना दर्द बयां किया है। आरोप लगाया है कि पत्नी और सास करीब एक साल से मानसिक, शारीरिक और आर्थिक रूप प्रताड़ित कर रही है।
दहेज हत्या, घरेलू हिंसा जैसे मुकदमों में फंसाकर उत्पीड़न किया जा रहा है। यह मुकदमा गाजीपुर में दर्ज कराया गया है। ऐसे में 500 किमी दूर सीतापुर से गाजीपुर हर महीने में दो से तीन बार स्कूल छोड़कर कोर्ट आना पड़ता है।
कोविद कुमार ने सुसाइड नोट के अलावा एक वीडियो भी वायरल किया है, जो उसकी मौत से ठीक पहले का बताया जा रहा है। दूसरी तरफ यह भी बताया जा रहा है कि तारीख पर आया कोविद कुमार जमानतदार खोजने के लिए जंगीपुर की तरफ गया था।
बात न बनने पर आहत होकर गुस्से में सुसाइड नोट लिखा, फिर वीडियो बनाकर मौत को गले लगा लिया। साथ ही इसके लिए पत्नी और सास को जिम्मेदार ठहराया, जिसकी तलाश शहर कोतवाली पुलिस कर रही है। प्रभारी निरीक्षक दीनदयाल पांडेय ने मृतक की पत्नी और सास के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। दोनों फरार चल रही हैं। गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।