गाजीपुर/सुहवल। परिषदीय स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों एवं उनके अभिभावकों के लिए अच्छी खबर है। शासन इस बार छात्रों को डीबीटी के जरिए उनके अभिभावकों के खातों में ड्रेस, जूता-मोजा एवं बैग आदि की धनराशि चालू माह में ही भेजने की योजना बना रहा है। इसके लिए छात्रों के आधार सत्यापन का काम तेज हो गया है। रेवतीपुर में स्थित 104 परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले 15604 छात्रों में से 11730 छात्रों का आधार सत्यापन पूरा हो गया है। शेष 3874 के सत्यापन का काम भी जल्द पूरा होने की उम्मीद है। इसके लिए शासन की तरफ से विभाग को सख्त निर्देश दिया गया है कि अप्रैल महीने के समाप्त होने से पहले सत्यापन का कार्य पूरा कर इसकी रिपोर्ट समय से उपलब्ध कराई जाए, ताकि डीबीटी के जरिए मिलने वाला 1200 रुपया हर हाल में अप्रैल तक उनके अभिभावकों के खातों में भेज दिया जाए।
मालूम हो कि पहले डीबीटी के जरिए मिलने वाली धनराशि में महीनों लग जाते थे। इसके चलते अभिभावक अपने बच्चों को समय से ड्रेस, जूता, मोजा, बैग नहीं खरीद पाते थे। इस संबंध में बीईओ अशोक कुमार गौतम ने बताया कि शासन के निर्देश के अनुसार डीबीटी के जरिए खातों में धनराशि भेजने के लिए आधार सत्यापन काफी तेजी से चल रहा है। अब तक 75 फीसदी यह कार्य पूरा हो चुका है। शेष 25 फीसदी जल्द पूरा कर इसकी रिपोर्ट शासन को भेज दी जाएगी, ताकि इस माह तक डीबीटी की धनराशि खातों में पहुंच जाए।