गाजीपुर। जिले के 2266 परिषदीय विद्यालयों में सोमवार से वार्षिक परीक्षाएं शुरू हो गईं। पहली पाली में कक्षा एक से पांच तक के छात्रों की मौखिक परीक्षा कराई गई, जबकि कक्षा छह से आठ तक के विद्यार्थियों ने बेसिक क्राफ्ट, कला, कृषि और गृह शिल्प विषयों की परीक्षा दी। दूसरी पाली में कक्षा छह से आठ तक के छात्रों ने खेल, शारीरिक शिक्षा और स्काउटिंग विषय की परीक्षा दी। पहले दिन करीब 94 प्रतिशत छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। बीएसए उपासना रानी वर्मा ने बताया कि कक्षा एक से पांच तक के 1,43,847 पंजीकृत छात्रों में से 94 प्रतिशत यानी 1,35,216 छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। इसी तरह कक्षा छह से आठ तक के 65,690 छात्रों को परीक्षा में शामिल होना था, जिसमें से 61,749 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी। पहली पाली की परीक्षा सुबह 9:30 से 11:30 बजे तक और दूसरी पाली की परीक्षा दोपहर 12:30 से 2:30 बजे तक आयोजित की गई। कई विद्यालयों में शिक्षकों ने परीक्षा से पहले बच्चों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, जिससे वे बिना किसी तनाव के परीक्षा दे सकें। रेवतीपुर के कन्या कंपोजिट विद्यालय में भी परीक्षा आयोजित की गई। सादात विकासखंड के 145 प्राथमिक, उच्च प्राथमिक और कंपोजिट विद्यालयों में परीक्षा शुचितापूर्ण ढंग से संपन्न हुई। खंड शिक्षा अधिकारी सीताराम यादव ने कई विद्यालयों का निरीक्षण किया। कंपोजिट विद्यालय वरहपार नसरतपुर में शत-प्रतिशत बच्चे उपस्थित रहे। बीईओ ने शत-प्रतिशत उपस्थिति देखकर प्रसन्नता व्यक्त की।