गाजीपुर। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत चल रहे स्वच्छ वार्ड प्रतिस्पर्धा का समापन रविवार को हो गया। इस मौके पर नगर पालिका परिषद के जलकल परिसर में जनपद स्तरीय पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस समारोह में जिले के आठ नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के कुल 120 वार्डों द्वारा प्रतिभाग किया गया। पांच सर्वश्रेष्ठ वार्डों का चयन कर उक्त वार्डों के सभासदों तथा सफाई नायकों को नगर पालिका परिषद की अध्यक्ष सरिता अग्रवाल एवं जिलाधिकारी के बालाजी द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसके साथ ही इन वार्डों को शासन द्वारा विकास कार्यों के लिए नगद पुरस्कार देने की घोषणा की गई। पूरे भारतवर्ष में चल रहे स्वच्छ भारत मिशन कार्यक्रम के अंतर्गत सभी नगर पालिकाओं एवं पंचायतों के सभी वार्डों के बीच स्वच्छ प्रतिस्पर्धा का आयोजन 15 नवंबर से 15 दिसंबर के बीच किया गया था। प्राप्त क्रमांक के ऑनलाइन फीडिंग के अनुसार प्रत्येक जिले के सर्वश्रेष्ठ पांच वार्डों को सम्मानित किए जाने के कार्यक्रम का आयोजन रविवार को जलकल परिसर में किया गया। इसमें उक्त प्रतिस्पर्धा में प्रथम स्थान नगर पालिका परिषद गाजीपुर के वार्ड नंबर-आठ जय प्रकाश नारायण नगर, द्वितीय स्थान नगर पालिका परिषद जमानिया के वार्ड नंबर-11 कानूनगो मुहल्ला, तृतीय स्थान नगर पालिका परिषद गाजीपुर के वार्ड नंबर-13 महाजन टोली, चतुर्थ स्थान नगर पालिका परिषद मुहम्मदाबाद के वार्ड बिस्गंज एवं पांचवा स्थान नगर पालिका परिषद जमानिया के वार्ड नंबर-20 को प्राप्त हुआ।इस मौके पर पूर्व नपा अध्यक्ष विनोद अग्रवाल, एडीएम एके अवस्थी, ईओ उमेशचंद्र, डिस्ट्रिक्ट को-आर्डिनेटर संत कुमार, शिवम मिश्र, पूजा सिंह, राधा देवी आदि मौजूद रहे। संचालन कुंवर बहादुर सिंह ने किया।