गाजीपुर। प्रकाश नगर स्थित माधव सरस्वती विद्या मंदिर सीनियर सेकेंड्री स्कूल में रविवार को बाल मेला एवं विज्ञान प्रदर्शनी का आयोजन किया गया। इसमें एक तरफ जहां बच्चों और अभिभावकों ने लजीज व्यंजनों का स्वाद चखा, वहीं विज्ञान प्रदर्शनी में अपने मॉडलों के जरिये प्रतिभा का प्रदर्शन भी किया। साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति से वाहवाही लूटी। बाल मेले में बच्चों ने चाट-पकौड़ी, चाउमीन, फुल्की, बादाम, हलवा, केक आदि खाने-पीने की चीजों का स्टाल लगाया था। इन स्टालों पर बच्चों के साथ ही उनके अभिभावकों ने लजीज व्यंजनों का स्वाद चखा। विज्ञान प्रदर्शनी में छात्र-छात्राओं ने तोप, कंकाल तंत्र, जेसीबी सहित एक से बढ़कर एक माडलों की प्रस्तुति कर लोगों को सोचने के लिए विवश कर दिया। इस अवसर पर बच्चों ने गणेश वंदना, दुर्गा तांडव, देश भक्ति गीत आदि की शानदार प्रस्तुति कर लोगों की खूब वाहवाही लूटी। इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ प्रधानाचार्य मणिराम मिश्र ने मां सरस्वती तथा जगदीशचंद्र बसु के चित्र के सामने दीप प्रज्जवलित कर किया। इस मौके पर मुख्य अतिथि विद्या भारती पूर्वी उत्तर प्रदेश के संगठन मंत्री राममनोहर ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम समय-समय पर आयोजित होते रहना चाहिए। इससे बच्चों का सर्वांगीण विकास होता है। बच्चों को अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करने का मौका मिलता है। इस अवसर पर शंभूनाथ शर्मा, राजेंद्र प्रसाद सिंह, मनोज कुमार श्रीवास्तव, विनोद तिवारी, प्रियेश श्रीवास्तव, संजीव श्रीवास्तव, सत्यम पांडेय, कृष्णबंधु सिंह, राजेश, पूनम, आभा, विवेक, राजकुमार, अरविंद, गोरखनाथ सिंह, कृपाशंकर राय आदि उपस्थित थे।