नगर निकाय चुनाव के तहत बृहस्पतिवार को कड़ी सुरक्षा के आठ निकायों में वोट डाले गए। जिले में 56.05 फीसदी लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर अध्यक्ष पद के 72 एवं सभासद के 668 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला ईवीएम मे कैद किया। मतदान के दौरान कुछ बूथों पर प्रत्याशी समर्थकों एवं एजेंटों में नोकझोंक की घटनाएं हुई। प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने समझाकर मामला शांत कराया। मतदान संपन्न होने के बाद निर्धारित स्ट्रांगरूमों में ईवीएम जमा कराई गईं। जिले की तीन नगरपालिका परिषदों एवं पांच नगर पंचायतों में सुबह सात बजे से मतदान शुरु हुआ। मतदान के लिए 266 मतदेय स्थल बनाए गए थे। हालांकि मतदान शुरू होने के कुछ देर बाद बारिश होने से वोट डालने में बाधा आई। चलते कुछ देर के लिए व्यवधान उत्पन्न हुआ। शुरुआती दौर में मतदान का प्रतिशत कुछ कम रहा, लेकिन बाद में उसमें तेजी आती गई। सुबह नौ बजे तक सभी आठ निकायों में 7.79 प्रतिशत लोगों ने वोट डाल लिया था। दिन में 11 बजे तक 21.03, एक बजे 34.13, तीन बजे तक 44.52, शाम पांच बजे तक 53.38 फीसदी ने मतदान किया था। शाम छह बजे मतदान संपन्न होने पर आठ निकायों के 229398 मतदाताओं में से 128586 यानि 56.05 फीसदी लोगों ने मताधिकार का प्रयोग किया था। ऐसे में तीन नगर पालिका परिषदों एवं पांच नगर पंचायतों के अध्यक्ष पद के 72 तथा 136 वार्डों के सभासद पद के 668 उम्मीदवारों का भाग्य मतपेटी में बंद हो गया। मतदान को सकुशल संपन्न कराने को लेकर प्रेक्षक, जिलाधिकारी आर्यका अखौरी, एसपी ओमवीर सिंह, एडीएम एके सिंह, उपजिलाधिकारी सदर प्रतिभा मिश्र भ्रमण करती रहीं। बाद में कड़ी सुरक्षा के बीच निर्धारित स्ट्रांग रूमों में मतपेटी जमा की गई। देर शाम तक जमा करने का कार्य चलता रहा। मतों की गणना 13 मई को कराई जाएगी।