गाजीपुर। जिले भर में आस्था और विश्वास का पर्व महाशिवरात्रि सोमवार को मनाया जाएगा। इसको लेकर श्रद्धालुओं में कई दिनों से उमंग और उत्साह बना हुआ था। मंदिरों में साफ-सफाई का कार्य युद्ध स्तर पर किया गया। आज सुबह से ही सभी शिवालयों में भक्तों का रेला पहुंचने लगेगा जो देर शाम तक बना रहेगा। कई स्थानों पर शिव बरात निकाली जाती है जिसमें बड़ी संख्या में भक्त शामिल होकर बराती बनते हैं। मेले का भी आयोजन होता है। जिले के खास शिव मंदिरों पर पुलिस प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। महाशिवरात्रि को लेकर पिछले कई दिनों से भक्तों में उत्साह दिख रहा था। भक्त इसकी तैयारी में जुटे हुए थे। जिले के प्रसिद्ध मरदह क्षेत्र के महाहर मंदिर के साथ ही शहर के बड़ा महादेवा, लालदवाजा स्थित अभयेश्वर महादेव शिव मंदिर, अति प्राचीन शिव मंदिर मिश्रबाजार, बाबा अमरनाथ, चीतनाथ स्थित कोटेश्वर नाथ सहित सैदपुर के बूढ़ा महादेव, करीमुद्दीनपुर के ऊंचाडीह, मुहम्मदाबाद के महादेवा, सोमेश्वर महादेव सहित सभी शिव मंदिरों पर भी बड़ी संख्या में भक्त दर्शन-पूजन कर जलाभिषेक करते हैं। इस मौके पर मंदिरों पर भव्य मेले का आयोजन भी किया जाता है। रविवार को इन मंदिरों की साफ सफाई, श्रृंगार, सजावट, भक्तों के आने-जाने के लिए बैरिकैडिंग आदि का काम देर रात तक चलता रहा। रंग-रोगन और साफ-सफाई में भक्त श्रद्धा और लगन के साथ जुटे रहे। हर जगह शिवालयों पर विभिन्न प्रकार के धार्मिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं। कीर्तन-भजन के साथ ही शाम को शिव बारात का आयोजन किया गया है। शहर के गोराबाजार स्थित बूढ़ा महादेव मंदिर में रंग-रोगन के साथ ही मंदिर परिसर और जाने वाले मार्ग की साफ-सफाई का कार्य किया गया। लालदरवाजा स्थित शिव मंदिर की साफ-सफाई के साथ ही मंदिर को फूलों का सजा दिया गया है।