श्री दुर्गा जयंती महोत्सव समिति के तत्वावधान में मां दुर्गा भवानी की आज भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। सदर बाजार स्थित राधाकृष्ण मंदिर से शोभायात्रा का शुभारंभ नगर मजिस्ट्रेट रवींद्र सिंह मुख्य डोले की आरती उतारकर करेंगे। इसके बाद शोभायात्रा सायं छह बजे जीवाराम चौक से प्रारंभ होगी। शोभायात्रा में आठ डोले, आधा दर्जन बैंड, चार ऊंट एवं घोड़ों के साथ, घोड़ा बैंड एवं नगाड़े के साथ मां कैला देवी की झांकी मुख्य आकर्षण का केंद्र होगी। शोभायात्रा सदर बाजार, गंज चौराहा, सिनेमा चौराहा, जलेसर रोड, शिवाजी रोड, डाकखाना चौराहा, सर्कुलर रोड, मुहल्ला दुली चौराहा, हनुमान रोड होते हुए मां राज राजेश्वरी कैला देवी मंदिर प्रांगण पहुंचकर समाप्त होगी। समूचे शोभायात्रा मार्ग को ही भव्य बिजली की झालरों से सजाया जाएगा। मार्ग में कई स्थानों पर आरती उतारकर एवं पुष्पवर्षा करके भव्य ही स्वागत होगा। समिति के सुनील कुमार बंसल, अजय मित्तल, रवि अग्रवाल, मनोज गुप्ता, रवींद्रलाल तिवारी, मदनलाल वर्मा, प्रदीप कौशिक, कैलाश उपाध्याय, अनिल बंसल, राकेश बंसल, प्रिंस बंसल, गर्भित मित्तल आदि मौजूद रहे।