Firozabad: पुलिस ने लुटेरे को किया गिरफ्तार, पैर में गोली लगने से घायल; दिनदहाड़े मुठभेड़ से क्षेत्र में सनसनी
फिरोजाबाद में पुलिस ने लुटेरे को गिरफ्तार किया। वह पैर में गोली लगने से घायल हो गया। घनी आबादी के बीच दिनदहाड़े मुठभेड़ होने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। आरोपी मोबाइल लूट के मामले में फरार था।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में मंगलवार की दोपहर पुलिस ने एक बदमाश को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। पकड़ा बदमाश तीन दिन पूर्व एडीजीसी के भतीजे से मोबाइल लूटने के मामले में फरार था। पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया। उसे ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। इसके पास से चोरी और लूट के 11 मोबाइल, बाइक और अवैध असलहा बरामद हुआ है। घनी आबादी वाले क्षेत्र में दिनदहाड़े मुठभेड़ से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
उत्तर थाना क्षेत्र के मोहल्ला सरस्वती नगर निवासी संजीव शर्मा एडीजीसी के भतीजे शुभांशु शर्मा से फिरोजाबाद महोत्सव में जाते समय बाइक सवार बदमाशों ने मोबाइल लूटा था। बदमाशों को पकड़ने के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया। मंगलवार को बदमाश की लोकेशन पुलिस को जैन नगर में मिली। पुलिस ने बदमाश का घेराव किया। तभी बदमाश ने पुलिस पर फायर झोंक दिया।
इसके बाद पुलिस ने जवाबी फायरिंग की। इसमें बदमाश के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने बताया कि पुराना थाना रामगढ़ के पास के निवासी फैजान को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। जानकारी पर एसपी सिटी सर्वेश कुमार मिश्र, थाना रसूलपुर प्रभारी भगवत सिंह, उत्तर थाना प्रभारी कुलदीप दीक्षित, दक्षिण प्रभारी संजय पांडेय, एसओ लाइनपार वैभव सिंह मौके पर आ गए।
नंबर प्लेट पर लगा रखा है चुंबक
बदमाश लूट, छिनैती और चोरी की वारदात को अंजाम देने में माहिर हैं। बदमाश के पास से मिली बाइक की नंबर प्लेट पर के ऊपर एक चुंबक लगी है। वारदात को अंजाम देने के बाद नंबर प्लेट को ऊपर कर दिया करते थे। जिससे नंबर प्लेट चुंबक से छिपक जाती थी। उसके बाद नंबर दिखाई नहीं देता था। नंबर प्लेट पर आहट भी लिखा पाया गया है। पुलिस इसकी जांच कर रही है।