शिकोहाबाद। गांव हरगनपुर में तथाकथित पत्रकार द्वारा पूछे गए सवाल और एक ग्रामीण द्वारा पीएम व सीएम को अपशब्द कहने के मामले में दोनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी, लेकिन आरोपी फरार हो गए।
नसीरपुर थाना क्षेत्र के गांव हरगनपुर में मंगलवार को एक तथाकथित पत्रकार ने कुछ ग्रामीणों को एकत्रित कर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार के बारे में सवाल किए। इसी दौरान एक ग्रामीण ने प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री के खिलाफ बेहद आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया। उक्त पत्रकार ने उसका सोशल मीडिया पर प्रसारण कर दिया। जैसे ही आला अधिकारियों को इसकी जानकारी हुई उन्होंने तत्काल प्रभाव से मुकदमा दर्ज कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। प्रभारी निरीक्षक नसीरपुर गगन गौड़ ने अज्ञात में मुकदमा दर्ज कर आरोपी ग्रामीण और सोशल मीडिया पर पोस्ट करने वाले के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रभारी निरीक्षक का कहना है कि वीडियो के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। जांच की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिशें दी गई हैं, लेकिन आरोपी गांव से भाग गया है। उन्होंने आम लोगों से भी अपील की है कि इस तरह की सोशल मीडिया पर किसी भी नेता, मंत्री, पीएम और उच्चाधिकारियों के खिलाफ अशोभनीय भाषा से बचें।