पचोखरा। थाना रजावली के गांव पिपरौली में मंगलवार रात सांप के डंसने से डेढ़ साल के मासूम कार्तिक की मौत हो गई। घर का इकलौता चिराग कार्तिक अपनी मां ज्योति के साथ सो रहा था, तभी कमरे में घुसे सांप ने दोनों को डस लिया। परिजन दोनों को आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज ले गए, लेकिन वेंटिलेटर बेड न मिलने पर उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। डॉक्टरों के अथक प्रयासों के बावजूद बुधवार रात मासूम कार्तिक ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। बृहस्पतिवार सुबह गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया।
घटना का सबसे हृदयविदारक पहलू यह है कि अपने बेटे को खो चुकी मां ज्योति को अब तक इस बात की जानकारी नहीं है। जब परिजन उसे अस्पताल से डिस्चार्ज कराकर घर लाए, तो वह अपने बच्चे को हर जगह तलाश रही थी। परिजन अपने आंसुओं को रोककर उसे यही झूठ बोल रहे हैं कि बेटा अभी अस्पताल में है और जल्द ठीक होकर आ जाएगा। उन्हें डर है कि अगर ज्योति को बेटे की मौत का सच पता चला, तो वह इस सदमे को बर्दाश्त नहीं कर पाएगी। पूरे गांव में मातम पसरा है।